Sonbhadra News : राज्यमंत्री के काफिले पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड के वाहन पर कथित तौर पर हमला किए जाने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। वहीं घटना ने जिले की क़ानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया.....

sonbhadra
12:43 PM, October 31, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड के वाहन पर कथित तौर पर हमला किए जाने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। वहीं घटना ने जिले की क़ानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि बीती रात मंत्री और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी के साथ रॉबर्ट्सगंज से डाला लौट रहे थे, तभी चोपन पुल के पास कार सवार कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की और कथित तौर पर बोनट और शीशे पर प्रहार किया। वहीं सुचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए कार सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि कार में सवार दो अन्य व्यक्तियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताते चलें कि राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड अपने क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी के साथ रॉबर्ट्सगंज से डाला लौट रहे थे। लोढ़ी में टोल प्लाजा पार करने के बाद से ही लखनऊ नंबर की एक कार अचानक उनके पीछे लग गई। रास्ते में कई जगह ओवरटेक कर उनके वाहन को रोकने का प्रयास किया, चोपन पुल से पहले कार सवार रुके। एस्कार्ट के आगे निकलने के बाद ब्रेकर पर जैसे ही मंत्री के वाहन की गति धीमी हुई तो वह सामने आ गए। वाहन को रोकने की कोशिश करते हुए बोनट और शीशे पर मुक्का मारने लगे। उनकी मंशा भांपते हुए चालक ने गाड़ी को आगे बढ़ा दिया। सोन नदी पुल पार करते ही बैरियर पर वाहन रोककर मंत्री ने पुलिस को घटना की सूचना दी। तत्काल चोपन एसओ कुमुद शेखर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घेरेबंदी कर कार सहित कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि "मंत्री के काफिले की एस्कॉर्ट टीम से कार सवार का ओवरटेक करने को लेकर वाद-विवाद हो गया था, सुचना मिलते ही चोपन पुलिस ने तत्काल घेरेबंदी कर कार चालक दुद्धी निवासी अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर कार को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं कार में सवार दो अन्य व्यक्तियों दुद्धी निवासी शुभम सोनी व पंकज अग्रहरी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है, अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।"




