Sonbhadra News : श्रीकांत त्रिपाठी बने रालोद के जिलाध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़कर केन्द्र सरकार में स्थान बनाने के बाद राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने में लग गए...

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी क़ो मनोनयन पत्र सौंपते रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय...
sonbhadra
11:10 PM, May 1, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़कर केन्द्र सरकार में स्थान बनाने के बाद राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने में लग गए हैं। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने पत्र जारी कर बताया कि राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक दल सोनभद्र का जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी को मनोनीत किया गया है।
वहीं युवा रालोद के प्रदेश सचिव विवेक चतुर्वेदी ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीकांत तिवारी क़ो बधाई देते हुए कहा कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संगठन विस्तार के साथ-साथ पूर्वांचल का मजबूत जिला माने जाने वाले जनपद सोनभद्र में एकबार फिर राष्ट्रीय लोकदल अपनी मजबूती दर्शाएगा।
बता दें कि पिछले तीन दशक से सोनभद्र सहित पूर्वांचल क्षेत्र के जनपदों में पूर्वांचल नव निर्माण मंच एवं पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच के माध्यम से श्रीकांत त्रिपाठी किसानों और कामगारों की आवाज बुलंद करते आये हैं। साल 1995 में अपनी ग्राम पंचायत से बीडीसी निर्वाचित होने के बाद श्रीकांत त्रिपाठी ने बीडीसी एसोसिएशन की स्थापना करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा आंदोलन कर तत्कालीन भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल कसने और भ्रष्ट अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करवाने को लेकर चर्चा में आये थे, तब से लेकर अब तक विभिन्न सामाजिक संगठनों में रहकर सामाजिक सरोकार जनहित की बात करते हैं।
राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ0 जयंत सिंह का यह पूर्वांचल में पार्टी विस्तार के लिए बड़ा दांव माना जा रहा है। सोनभद्र में लोकदल के कार्यकर्ताओं में श्रीकांत त्रिपाठी को जिलाध्यक्ष बनाये जाने पर खुशी का माहौल है।
मिडिया प्रभारी सोनभद्र विकास पाण्डेय ने बताया कि दो मई को नव नियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी के लखनऊ से सोनभद्र प्रथम आगमन पर सोनभद्र की सीमा में भव्य स्वागत की तैयारी में लोकदल एवं पूर्वांचल नव निर्माण मंच के कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच के नेता गिरीश पाण्डेय ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी को फोन पर बात कर बधाई दी और कहा कि निश्चित रूप से सोनभद्र सहित पूर्वांचल के जनपदों की आवाज अब श्रीकांत त्रिपाठी जी के नेतृत्व में दिल्ली और लखनऊ तक पहुंचेगी।



