Sonbhadra News : जिले में खेल प्रतिभाओं की होगी अग्निपरीक्षा, 5 सितंबर को चार खेलों के लिए होंगे जिला स्तरीय ट्रायल
जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेशीय खेल प्रतियोगिताओं में सोनभद्र की टीम भेजने के लिए 5 सितंबर को जिला स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। जिला क्रीड़ा विभाग की ओर से जारी.......

जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद.....
sonbhadra
12:28 AM, September 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेशीय खेल प्रतियोगिताओं में सोनभद्र की टीम भेजने के लिए 5 सितंबर को जिला स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। जिला क्रीड़ा विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी और फुटबॉल में प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सीनियर महिला एथलेटिक्स/बैडमिंटन का जिला स्तरीय चयन 5 सितंबर को सुबह 8 बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा, राबर्ट्सगंज में होगा। वहीं सीनियर महिला कबड्डी तथा जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन के लिए भी इसी दिन इसी स्टेडियम में क्रमशः सुबह 9 बजे और 10 बजे ट्रायल निर्धारित किया गया है। सब-जूनियर बालक फुटबॉल का ट्रायल भी सुबह 10 बजे तियरा स्टेडियम में होगा।
मंडलीय ट्रायल के लिए 5 सितंबर को मिर्जापुर जाएगी टीम -
जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम के अनुसार चयनित टीम को 5 सितंबर को ही मिर्जापुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम, मिर्जापुर पहाड़ी के लिए रवाना किया जाएगा, जहां मंडलीय चयन/ट्रायल आयोजित होंगे।
प्रदेश स्तर पर सीनियर महिला एथलेटिक्स/बैडमिंटन प्रतियोगिता 8 से 9 सितंबर को प्रयागराज, सीनियर महिला कबड्डी की प्रतियोगिता 15 से 17 सितंबर को सहारनपुर, जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन 17 से 19 सितंबर को उन्नाव तथा सब-जूनियर बालक फुटबॉल 7 से 17 सितंबर को आगरा में प्रस्तावित है।
साथ लाना होगा आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र -
जिला क्रीड़ा विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को पूरी तैयारी के साथ पहुंचना होगा।
खास तौर पर सब-जूनियर बालक फुटबॉल में खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2013 से 31 दिसंबर 2014 के बीच होनी चाहिए। जन्म तिथि प्रमाण पत्र एक वर्ष के अंदर जारी होना आवश्यक बताया गया है। ट्रायल में वही खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे जिनका सीआरएस पंजीकरण है।
तैयारी के साथ पहुंचें खिलाड़ी - शमीम अहमद
जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने कहा कि "जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित समय पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ट्रायल स्थल पर पहुंचें और पूरी तैयारी के साथ प्रतिभाग करें। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंडल एवं प्रदेश स्तर पर सोनभद्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र साथ लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर स्टेडियम पहुंचें, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।"




