Sonbhadra News : तेज रफ्तार का कहर, शादी से लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
शाहगंज थाना क्षेत्र के उचका गांव के समीप गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक करमा.............

sonbhadra
6:38 PM, May 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शाहगंज थाना क्षेत्र के उचका गांव के समीप गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक करमा थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोरावल कोतवाली क्षेत्र के तेन्दुई गांव निवासी 35 वर्षीय संतोष यादव पुत्र स्व0 तेजबली यादव गुरुवार को करमा क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह शाहगंज थाना क्षेत्र के उचका गांव के समीप पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया। रात करीब तीन बजे पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।




