Sonbhadra News : तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटता ले गया, चालक हिरासत में
रेनुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ के समीप मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक द्वारा कार को टक्कर मारने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

sonbhadra
3:08 PM, March 10, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ के समीप मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक द्वारा कार को टक्कर मारने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से आ रहे ट्रक ने एक कार को पीछे से जोरदार धक्का मार दिया और उसे धकेलते हुए करीब 50 मीटर तक ले गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोग जोर-जोर से चिल्लाते रहे लेकिन ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और ट्रक की रफ्तार और बढ़ा दी। बताया जाता है कि कुछ दूर आगे जाने पर एक युवक ने ट्रक के शीशे पर पत्थर मार दिया, जिसके बाद चालक ने ट्रक रोका। ट्रक रुकते ही मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ ने चालक को नीचे उतार लिया।
पूछताछ के दौरान ट्रक चालक रघुनाथ यादव, निवासी मिर्जापुर ने बताया कि उसे कार दिखाई ही नहीं दी, जिसकी वजह से वह आगे बढ़ता चला गया। सूचना मिलते ही रेणुकूट चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया तथा चालक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के समय कार चला रहे युवक आर्यष सिंह पुत्र अरविंद सिंह निवासी विवेकानंद कॉलोनी इस हादसे में बाल-बाल बच गए। हालांकि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।



