Sonbhadra News : संचारी रोगों से बचाव के लिए 1 अप्रैल से चलेगा विशेष अभियान
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के प्रथम चरण के सफल संचालन हेतु आज जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय प्रथम अंतर्विभागीय बैठक संपन्न हुई......

sonbhadra
5:45 PM, March 19, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के प्रथम चरण के सफल संचालन हेतु आज जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय प्रथम अंतर्विभागीय बैठक संपन्न हुई। जिसमें समस्त सहयोगी विभाग जैसे चिकित्सा विभाग, ग्राम विकास विभाग, नगर पालिका/नगर पंचायत, बेसिक/माध्यमिक शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशु पालन विभाग, दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, सूचना विभाग इत्यादि विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष संचारी अभियान जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जायेगा। संचारी अभियान के अंतर्गत समस्त विभागों द्वारा जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय तथा बुखार आने पर "क्या करें क्या ना करें" का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जायेगा तथा दस्तक अभियान के दौरान आशा, ऑगनबाड़ियों द्वारा गृह भ्रमण कर बुखार, क्षय, कुष्ठ, फाइलेरिया, आईएलआई इत्यादि रोगियों की लाइन लिस्टिंग की जायेगी साथ ही कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर पोषाहार उपलब्ध कराया जायेगा तथा आवश्यकता अनुसार एनआरसी सन्दर्भन एवं आभा आईडी सृजन का कार्य किया जायेगा।
जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूलों में प्रतिदिन प्रार्थना के समय बच्चों को संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करें, हाथ धोने के तरीके तथा पूरी बॉह का यूनिफार्म पहने हेतु प्रेरित करें एवं बच्चों को हाथ धोने के तरीके, बुखार आने पर " क्या करें क्या ना करें" इत्यादि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करें तथा समस्त प्राइमरी एवं माध्यमिक विद्यालयों में साबुन अथवा हैण्डवॉश अवश्य उपलब्ध हो।
उन्होंने नगरीय क्षेत्र के समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों में बने डम्पिंग यार्डस की नियमित सफाई हो, सुपरवाइजर द्वारा निर्माणाधीन शौचालयों का पर्यवेक्षण किया जाये तथा सफाई कर्मचारी प्रत्येक घर पहुँचना सुनिश्चित करे। साफ सफाई, जल निकासी, कचरा निस्तारण की व्यवस्था ठीक रखें तथा सप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर एन्टीलार्वल छिड़काव एवं फागिंग कराकर फोटों संचारी व्हाटसप ग्रुप पर भेजना सुनिश्चित करें।
इस दौरान डीएम ने ग्राम विकास विभाग को निर्देशित किया कि गाँवों में बने डम्पिंग यार्डस की नियमित सफाई हो, बरसात को देखते हुए झाड़ियों की कटाई निश्चित करायी जाये, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये तथा गाइड लाइन में उल्लेखित कार्यों को माइकोप्लान के अनुसार कराया जाये। अक्टूबर माह में संचारी अभियान के साथ ही जनपद के समस्त शौचालयों का सर्वे भी पूर्ण कर लिया जाये।
वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि वीएचएसएनसी के मद में उपलब्ध धनराशि का व्यय करने हेतु एसओपी बनाकर आवश्यकतानुसार व्यय किया जाये तथा जो खाते अक्रियाशील है केवाईसी के माध्यम से संचारी माह में उन्हें सक्रिय कराया जाये।
पशुपालन एवं कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद में स्क्रब टाइफस एवं लैप्टोस्पायरोसिस रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसकी रोकथाम हेतु संचारी अभियान में गोष्ठियों कर लोगों को जागरूक करे।
समस्त अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि अपने ब्लॉक के बीपीएम/बीसीपीएम द्वारा रोज की प्रगति रिपोर्ट से अधोहस्ताक्षरी को अवगत करायें व आशाओं द्वारा किये जाने वाले कार्यों की समीक्षा आशा संगिनी, सीएचओ, एएनएम तथा बीपीएम, बीसीपीएम करें।
डीएम ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने अधीन ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों जैसे- विद्यालय, ऑगनबाड़ी केन्द्र, ब्लॉक, उपकेन्द्र इत्यादि की साफ-सफाई सुनिश्चित करे।
उन्होंने मानीटरिंग एजेन्सियों को निर्देशित किया कि पर्यवेक्षण के समय गाँवों में ग्राम प्रधान से अवश्य मिले तथा माइकोप्लान के अनुसार पर्यवेक्षण करें।




