Sonbhadra news : बच्चों के आधार कार्ड सुधार के लिए लगा विशेष कैंप
चोपन रोड स्थित एक विद्यालय परिसर में बुधवार को बच्चों के आधार कार्ड में सुधार के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया।

sonbhadra
5:28 PM, November 4, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)ओबरा (सोनभद्र)। चोपन रोड स्थित एक विद्यालय परिसर में बुधवार को बच्चों के आधार कार्ड में सुधार के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बच्चों के आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता और मोबाइल नंबर संबंधी त्रुटियों को दूर किया गया।
अपार आईडी बनाने में आधार कार्ड की त्रुटियों के कारण आ रही समस्याओं को देखते हुए यह पहल की गई। अभिभावकों को आधार केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत दिलाने के उद्देश्य से आयोजित कैंप में आधार ऑपरेटरों द्वारा बच्चों के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन किए गए। इसके अलावा फिंगरप्रिंट अपडेट और नए आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
कैंप में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे और मौके पर ही आधार संबंधी समस्याओं का समाधान कराया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने बताया कि शिक्षा विभाग में अपार आईडी अनिवार्य होने के कारण आधार कार्ड का सही होना आवश्यक है। बच्चों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंप लगाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में भी इस तरह के कैंप आयोजित किए जाएंगे।




