Sonbhadra News : एसपी ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पदक से नवाजा
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कैम्प कार्यालय एवं रिजर्व पुलिस लाइन में गरिमापूर्ण समारोह के बीच ध्वजारोहण कर.......

sonbhadra
4:12 PM, August 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कैम्प कार्यालय एवं रिजर्व पुलिस लाइन में गरिमापूर्ण समारोह के बीच ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ देश के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।
कैम्प कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और मिष्ठान वितरित किया गया। इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक ने ध्वजारोहण किया। समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र एवं संविधान के प्रति निष्ठा, सत्यनिष्ठा तथा अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।
कानून-व्यवस्था के साथ जनसेवा भी सर्वोच्च जिम्मेदारी -
समारोह को संबोधित करते हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि पुलिस बल एक अनुशासित और जिम्मेदार बल है। पुलिसकर्मियों के कंधों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आमजन की सुरक्षा और जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को सकारात्मक सोच के साथ सदैव ऊर्जावान रहने और जनसेवा के लिए तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने सोनभद्र पुलिस परिवार के कठिन परिश्रम और सार्थक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न धार्मिक आयोजनों, त्योहारों, कांवड़ यात्रा, जुलूस और अन्य चुनौतीपूर्ण कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान -
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किए गए पदक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश -
समारोह के उपरांत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित सोनभद्र का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस कार्यालय भुवनेश्वर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मुहम्मद नदीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने समस्त सोनभद्र पुलिस परिवार, जनपदवासियों और देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। समारोह के समापन पर पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
0




