Sonbhadra News : जयंती पर याद किए गए सपा संस्थापक 'नेता जी' मुलायम सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती धूमधाम से मनाई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। जिला कार्यालय पर सपा जिलाध्यक्ष....

sonbhadra
10:13 PM, November 22, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती धूमधाम से मनाई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। जिला कार्यालय पर सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव की अध्यक्षता में जहाँ गोष्ठी का आयोजन कर कार्यकर्ताओं ने पूर्व सपा मुखिया के विचारों पर चलने का संकल्प लिया, वहीं ब्लड बैंक में सपाइयों ने रक्तदान कर पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव को याद किया।
वहीं आज सुबह आरटीएस चौक पर श्रमिकों को सपा जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हलवा और घुघरी खिलाकर लोगों का मुंह मीठा कराया और पूर्व सपा मुखिया को याद किया।
इस दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि "नेता जी गरीब और मजलूम किसानों के रूप में हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने बताया कि मुलायम सिंह यादव हमेशा कार्यकर्ताओं को गरीब और मजलूमों के बीच जाकर उनकी मदद करने का निर्देश देते थे, जिसे वे सच्चा समाजवाद मानते थे। जिला सचिव प्रमोद यादव ने मुलायम सिंह यादव को 'धरती पुत्र' और गरीब, मजलूम तथा किसानों का मसीहा बताया। उन्होंने कहा कि नेताजी हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद करने और उनकी समस्याओं को सुनने का संदेश देते थे। यही सच्चा समाजवाद है। सपा कार्यकर्ताओं ने दोहराया कि वे नेताजी के बताए रास्ते पर चल रहे हैं। उनकी जयंती पर श्रमिकों के बीच आकर उनका मुंह मीठा कराया गया और उन्हें हलवा-घुघरी दी गई। कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव को शत-शत नमन किया।"
महिला सभा प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गीता गौर ने कहा कि "नेता जी ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया। वहीं, सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मुलायम सिंह यादव ने युवाओं को भी हमेशा प्रोत्साहित किया और सभी वर्गों को सम्मान देते थे।"
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व नगर उपाध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा, मनीष त्रिपाठी, अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी, विक्की शेख, पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि, गोपाल गुप्ता, धीरज भारती और अशोक पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



