Sonbhadra News : जनसमस्याओं को लेकर सपा का कलेक्ट्रेट पर हल्लाबोल, अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व घोरावल विधायक रमेश चंद्र दुबे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसानों, नौजवानों.......

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते सपाई.....
sonbhadra
5:29 PM, August 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व घोरावल विधायक रमेश चंद्र दुबे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों समेत आमजन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने अधिकारियों पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि "जिले में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारी गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर जिले के आला अधिकारी निरंकुश हो गए हैं और विपक्षी दलों के नेताओं के फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं की ही बात नहीं सुनी जाएगी तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।"
किसान खाद और बिजली की समस्या से परेशान -
जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि "जिले में किसान खाद और विद्युत समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास और जनकल्याण की दिशा में काम किया गया, जबकि मौजूदा सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी जनसमस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते हैं तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।"
घोरावल में सैकड़ों ट्रांसफार्मर खराब - पूर्व विधायक
पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे ने घोरावल विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिसके कारण किसान अपनी फसलों की सिंचाई तक नहीं कर पा रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद खराब ट्रांसफार्मरों को बदले जाने में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने विद्युत विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल खराब ट्रांसफार्मरों को बदलवाकर किसानों को राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान को लेकर आवाज बुलंद की और प्रशासन से किसानों, नौजवानों, व्यापारियों तथा आमजन की समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की मांग की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव, जिला उपाध्यक्ष रामप्यारे सिंह पटेल, पवन पटेल, बाबू हाशमी, जगत पटेल, राजेश विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




