Sonbhadra News : रैंप पर उतरा सोनभद्र का हुनर, तालियों की गूंज के बीच चमके जिले के नए सितारे
जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में आयोजित 'मिस्टर, मिस, मिसेज एंड किड्स सोनभद्र-2026' सौंदर्य एवं फैशन प्रतियोगिता प्रतिभाओं, आत्मविश्वास और सपनों के उत्सव में बदल गई। एसएम प्रोडक्शन के बैनर तले आयोजित....

sonbhadra
5:30 PM, June 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• दुब्रांश मिश्रा बने मिस्टर सोनभद्र, आयुषी सिंह और रोहिणी तिवारी ने जीते खिताब
सोनभद्र । जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में आयोजित 'मिस्टर, मिस, मिसेज एंड किड्स सोनभद्र-2026' सौंदर्य एवं फैशन प्रतियोगिता प्रतिभाओं, आत्मविश्वास और सपनों के उत्सव में बदल गई। एसएम प्रोडक्शन के बैनर तले आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिले के युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने अपने व्यक्तित्व, हुनर और मंचीय कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक देर तक तालियां बजाने को मजबूर हो गए।
रंगारंग प्रस्तुतियों, आकर्षक रैंप वॉक और प्रतिस्पर्धा के रोमांच के बीच प्रतिभागियों ने यह साबित कर दिया कि सोनभद्र की प्रतिभाएं किसी बड़े महानगर से कम नहीं हैं। कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथियों और दर्शकों ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम की आयोजक सृष्टि मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल एक प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि जिले की छिपी प्रतिभाओं को एक ऐसा मंच देना है जहां वे अपनी क्षमता को पहचान सकें और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि सोनभद्र प्रतिभाओं का खजाना है, आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन देने की है।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुब्रांश मिश्रा ने "मिस्टर सोनभद्र-2026" का खिताब अपने नाम किया। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें और चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें सफलता की सीढ़ी बनाएं।
वहीं आयुषी सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से "मिस सोनभद्र-2026" का ताज हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, मार्गदर्शकों और कठिन परिश्रम को देते हुए कहा कि हर सपना मेहनत और लगन से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
रोहिणी तिवारी, जिन्हें "मिसेज सोनभद्र-2026" चुना गया, ने कहा कि आत्मविश्वास और शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर समाज में बेहतर संदेश फैलाने की अपील की।
प्रतियोगिता की सेकेंड रनरअप आरोही कश्यप ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंच उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि सृष्टि मिश्रा द्वारा उपलब्ध कराया गया यह मंच जिले की प्रतिभाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। उन्होंने युवाओं से अपने जुनून को कभी न छोड़ने और हर परिस्थिति में खुद पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन में अनुशासन, भव्यता और पेशेवर प्रस्तुति का शानदार समन्वय देखने को मिला। यह प्रतियोगिता केवल सौंदर्य और फैशन तक सीमित नहीं रही, बल्कि सोनभद्र के युवाओं, महिलाओं और बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरणादायी मंच बनकर उभरी।
इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि अवसर मिले तो सोनभद्र की प्रतिभाएं किसी भी बड़े मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने का सामर्थ्य रखती हैं।




