Sonbhadra News : 27 अक्टूबर को होगा ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ का आयोजन, तैयारियाँ तेज
प्रतिभागियों ने गरबा का आनंद लेने के साथ-साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और मैनेजमेंट टीम की भी सराहना की। लोगों का संतुष्ट होकर लौटना हमारी पूरी महिला टीम के लिए गर्व की बात थी।

sonbhadra
5:12 PM, October 18, 2026
शांतनु कुमार
० डी.आर. ड्रीम्स बैंक्वेट में शाम 5 से 10 बजे तक होगा कार्यक्रम
० दिल्ली की एंकर आकृति जी और उनके दिल्ली वाले डीजे बाबू रहेंगे खास आकर्षण
सोनभद्र में 27 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ की तैयारियाँ जोरों पर हैं। रविवार को होटल श्याम पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने कार्यक्रम की जानकारी दी। यह आयोजन श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के बैनर तले होगा। इस वर्ष कार्यक्रम के आयोजन की ज़िम्मेदारी और वित्तीय सहयोग मारवाड़ी महिला कमेटी संभालेगी।
प्रेस वार्ता में श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष एडवोकेट अनीता थरड, कोषाध्यक्ष मीरा जालान और सचिव पूनम खैतान तथा मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया, कोषाध्यक्ष पूनम केडिया और सचिव चित्रा जालान मौजूद रहीं।
सोनभद्र में गुजरात जैसा गरबा कराने की पहल
कार्यक्रम की संस्थापक एडवोकेट अनीता थरड ने बताया कि ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा’ शुरू करने का उद्देश्य शहर में गुजरात के बड़े शहरों की तरह भव्य और व्यवस्थित गरबा कार्यक्रम आयोजित करना था जहाँ महिलाओं, बहनों और बेटियों को गरबा खेलने के लिए सुरक्षित और सहज माहौल मिले, जिससे वे खुलकर आनंद ले सकें।
पहले सीजन को मिला लोगों का भरपूर प्यार
मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित पहले सीजन को लोगों का शानदार समर्थन और प्यार मिला था। प्रतिभागियों ने गरबा का आनंद लेने के साथ-साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और मैनेजमेंट टीम की भी सराहना की। लोगों का संतुष्ट होकर लौटना हमारी पूरी महिला टीम के लिए गर्व की बात थी।
नौ महिलाओं की मारवाड़ी महिला कमेटी संभालेगी आयोजन और फंडिंग
पिछले वर्ष आयोजन के दौरान आई चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस बार कार्यक्रम को और बेहतर बनाने के लिए मारवाड़ी महिला कमेटी आगे आई है। नौ महिलाओं की यह कमेटी इस वर्ष कार्यक्रम के आयोजन और फंडिंग की जिम्मेदारी संभालेगी।
रितु जालान ने कमेटी की सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका प्रयास इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित बनाना है। उन्हें उम्मीद है कि तीनो संस्थाओं की महिलाओं के सहयोग से इस बार भी लोगों को शानदार अनुभव मिलेगा।
दिल्ली की एंकर और डीजे बढ़ाएंगे कार्यक्रम की रौनक
‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ का आयोजन 27 अक्टूबर, मंगलवार को डी.आर. ड्रीम्स बैंक्वेट, रॉबर्ट्सगंज में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक होगा। इस बार दिल्ली से आने वाली एंकर आकृति जी और दिल्ली से आने वाले डीजे कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण होंगे।
शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
आयोजकों ने सोनभद्र के सभी लोगों से 27 अक्टूबर की शाम कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सभी को संगीत, गरबा, उमंग और उत्साह से भरी एक यादगार शाम देना है।




