Sonbhadra News : सोनभद्र पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ के बाद फरार चल रहा 25 हजार का इनामिया गौतस्कर प्रयागराज से गिरफ्तार
वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्व में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी.......

मुठभेड़ के बाद से फरार 25 हजार का इनामिया गौतस्कर प्रयागराज से गिरफ्तार........
sonbhadra
3:28 PM, August 8, 2026
अवधेश पटेल (संवाददाता)
सोनभद्र । वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्व में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी गौ-तस्कर करियवा यादव उर्फ राजबहादुर को पुलिस ने प्रयागराज स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, थाना रायपुर में 18 जून 2026 को धारा 109 बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट एवं 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्त करियवा यादव उर्फ राजबहादुर पुत्र स्वर्गीय जगी नारायण, निवासी ग्राम गेरुआडीह, थाना मांडा, जनपद प्रयागराज घटना के बाद से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। इसके बाद पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखने के साथ पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में थाना रायपुर एवं रामपुर बरकोनिया पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए 8 अगस्त 2026 को रात करीब 00:50 बजे आरोपी को उसके घर के पास ग्राम गेरुआडीह, थाना मांडा, जनपद प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस की यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना रायपुर विजय कुमार चौरसिया, थानाध्यक्ष थाना रामपुर बरकोनिया राम सिंहासन शर्मा, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल दीप सिंह तथा कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।




