Sonbhadra News : पुलिस का नए वर्ष पर एक्शन, 24 घंटे में 269 बदमाशों पर कार्यवाही
वर्ष 2025 के पहले दिन 24 घंटे के अंदर सोनभद्र पुलिस ने 269 बदमाशों पर कार्रवाई की है। जहाँ 20 के विरुद्ध गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज हुआ तो वहीं 42 बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्यवाही की गयी है साथ....

एसपी अशोक कुमार मीणा
sonbhadra
8:05 AM, January 3, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों के साथ अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने वाली पुलिस पर टोटका अब भी भारी है। सालों से पुलिस विभाग के थानों में एक अजीब सी रस्म चली आ रही है। पहला मुकदमा गुडवर्क रखने की कोशिश होती है। नए साल के पहले दिन जहां आम लोग जश्न मनाने में जुटे रहें, वहीं सोनभद्र पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अपराधियों पर शिकंजा कसने में जुटी रही। वर्ष 2025 के पहले दिन 24 घंटे के अंदर सोनभद्र पुलिस ने 269 बदमाशों पर कार्रवाई की है। जहाँ 20 के विरुद्ध गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज हुआ तो वहीं 42 बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्यवाही की गयी है साथ ही साथ 27 लोगों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 280 ली0 शराब भी बरामद किया है। वहीं अवैध शस्त्र के मामले में भी दो व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की गयी है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि "विभिन्न अपराधों में बुधवार को 269 अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इसमें उ0प्र0 गैंगस्टर अधिनियम के अधीन चार मामलों में 20 बदमाशों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। अवैध शराब तस्करी पर पहले दिन आबकारी अधिनियम के 27 मुकदमे दर्ज किए गए। इसमें 27 लोगों पर कार्यवाही करते हुए 280 लीटर शराब बरामद की गई। एनडीपीएस अधिनियम के तहत पांच मुकदमों में कुल नौ लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। उनके कब्जे से 8.5 किलो गांजा और 30 ग्राम हेरोइन की बरामदगी हुई। शस्त्र अधिनियम के दो मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गुंडा अधिनियम के अधीन 42 बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं बीएनएसएस की धारा 129 के तहत 129 से अधिक लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इस दिन कुल छह अंतर जनपदीय गैंग पंजीकृत किए गए। एक गैंग का पंजीकरण परिक्षेत्र स्तर पर अनुमोदन के लिए संदर्भित किया गया। माफिया के अंतर्गत कुल तीन पंजीकरण की कार्रवाई की गई। इसमें पहला गो-तस्कर माफिया पंजीकृत किया गया। दूसरा प्रकरण भू-माफिया के लिए डीएम को संदर्भित किया गया है। गंभीर अपराधों से संबंधित कुल 20 अभियुक्तों की हिस्ट्रीशीट खोली गई, इनकी निगरानी कराई जा रही है।




