Sonbhadra news : Sonbhadra News: सीएम योगी के संभावित सोनभद्र दौरे की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 15 नवंबर को सोनभद्र जनपद में संभावित कार्यक्रम है।

sonbhadra
4:18 PM, October 23, 2025
◆ राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, DM-SDM ने हेलीपैड, पार्किंग और सभा स्थल का लिया जायजा
सोनभद्र । भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 15 नवंबर को सोनभद्र जनपद में संभावित कार्यक्रम है। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हेलीपैड, सभा स्थल और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी (DM) बद्री नाथ सिंह और उपजिलाधिकारी ओबरा (SDM) विवेक कुमार ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का दौरा किया। राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन का निश्चित समय जानने के लिए उनसे संपर्क किया जाएगा। यह कार्यक्रम ओबरा तहसील के चोपन में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोनभद्र कई बार आ चुके हैं, लेकिन विधानसभा ओबरा के चोपन में उनका यह पहला संभावित आगमन है। जनजाति समुदाय के लोग मुख्यमंत्री के आगमन से गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल का दौरा करने के बाद, राज्य मंत्री, DM और SDM ने प्रसिद्ध चोपन छठ घाट का भी निरीक्षण किया। DM ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत चोपन द्वारा किया जाएगा और अधिशासी अधिकारी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में रहेंगे। DM ने कहा छठ पूजा के दौरान नदी के जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर घाट पर व्यापक इंतज़ाम रहेंगे।




