Sonbhadra News : 'हमारी जनगणना-हमारा विकास' में सोनभद्र बना प्रदेश का सिरमौर, पहले ही दिन 19,984 लोगों ने किया स्वगणना पंजीकरण
डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए जनपद सोनभद्र ने जनगणना-2027 के तहत चल रहे 'हमारी जनगणना-हमारा विकास' अभियान में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। पहले ही दिन....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
10:58 PM, May 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए जनपद सोनभद्र ने जनगणना-2027 के तहत चल रहे 'हमारी जनगणना-हमारा विकास' अभियान में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। पहले ही दिन शाम 7 बजे तक जनपद में 19,984 लोगों ने स्वगणना ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण कर रिकॉर्ड बनाया, जिससे सोनभद्र पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
जनपद में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की सतत मॉनिटरिंग में चलाए गए व्यापक जनजागरूकता अभियान का असर साफ तौर पर देखने को मिला। गांव से लेकर शहर तक प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय नजर आई, जिसके चलते लोगों में स्वगणना को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।
प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर से लेकर नगर निकायों तक लगातार प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। मुनादी, पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया, जनसंपर्क अभियान और बैठकों के जरिए लोगों को यह समझाया गया कि अब जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास की आधारशिला है। यही वजह रही कि प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सोनभद्र ने सबसे बेहतर प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल कर लिया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें ऐप और पोर्टल की पूरी प्रक्रिया समझाई गई ताकि आमजन को सही मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और रोजगार जैसी योजनाओं की रूपरेखा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तय होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि जनपद में अभियान को मिशन मोड में संचालित किया गया। सभी विभागों को लक्ष्य आधारित जिम्मेदारी दी गई और प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की गई। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने जनपदवासियों से अपील की है कि 7 मई से 21 मई तक चलने वाले स्वगणना अभियान में अधिक से अधिक लोग अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं की और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, पंचायत सहायकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रोजगार सेवकों और जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम भावना और जनभागीदारी के दम पर सोनभद्र आगे भी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।




