Sonbhadra News : सौहार्द के रंग में रंगेगा सोनांचल, ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर प्रशासन अलर्ट
आगामी ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित.....

पीस कमेटी की बैठक करते डीएम चर्चित गोंड, एएसपी अनिल कुमार व अन्य.....
sonbhadra
7:21 PM, August 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों, संभ्रांत नागरिकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देने का अवसर भी हैं। जनपद की पहचान हमेशा से आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता के लिए रही है। इस परंपरा को कायम रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
जुलूस मार्गों पर रहेगी विशेष नजर -
ईद-ए-मिलाद के दौरान निकलने वाले जुलूस और धार्मिक आयोजनों को लेकर डीएम ने अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिया। जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए पर्व के दौरान आमजन को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर बरतें सावधानी -
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी अपुष्ट खबर पर भरोसा न करें और न ही ऐसी सामग्री को आगे साझा करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या जिले का माहौल खराब हो।उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्द प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दी जाए। प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखेगा।
धर्मगुरुओं ने दिया सहयोग का भरोसा -
पीस कमेटी की बैठक में धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे। सभी ने जनपद में शांति, सामाजिक समरसता और भाईचारे की परंपरा को मजबूत बनाए रखने तथा पर्वों को सकुशल संपन्न कराने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
अंत में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "हमारी विविधता ही हमारी सामाजिक शक्ति है। एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को मिल-जुलकर मनाएं और सोनभद्र की शांति, सद्भाव एवं भाईचारे की पहचान को और मजबूत करें।"




