Sonbhadra news : लगने के दूसरे दिन ही खराब हुई सोलर स्ट्रीट लाइट
डाला बाजार नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 नई बस्ती में नवंबर 2024 में लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापना के दूसरे ही दिन खराब हो गई।

sonbhadra
6:34 PM, May 12, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
* डेढ़ वर्ष से बनी शोपीस स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद नहीं हुई सुनवाई, अंधेरे में रहने को मजबूर मोहल्लेवासी
डाला (सोनभद्र)। डाला बाजार नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 नई बस्ती में नवंबर 2024 में लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापना के दूसरे ही दिन खराब हो गई। तब से अब तक लाइट नहीं जल सकी है, जिससे स्थानीय लोगों को रात में अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। डेढ़ वर्ष बीतने के बाद भी जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार ओबरा तापीय परियोजना ओबरा-सी द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में सीएसआर मद से डाला बाजार नगर पंचायत कार्यालय के पास जगरनाथ गुप्ता के घर के समीप सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाई गई थी। स्ट्रीट लाइट पर कार्यदायी संस्था के रूप में यूपीनेडा सोनभद्र तथा स्थापना करने वाली फर्म सनरोवर प्राइवेट लिमिटेड का नाम अंकित है। संबंधित स्ट्रीट लाइट का यूआईडी नंबर 20240909052589 बताया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइट लगने के अगले ही दिन बंद हो गई और तब से आज तक नहीं जली। आरोप है कि स्थापना के बाद न तो ठेकेदार ने दोबारा निरीक्षण किया और न ही मरम्मत की कोई व्यवस्था की गई।
मोहल्ले के लोगों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। इसके बाद 8 फरवरी 2025 को यूपीनेडा के टोल फ्री नंबर 18001800005 पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत संख्या W0011182 होने के बावजूद अब तक न कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही लाइट की मरम्मत कराई गई।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और अधिकारियों से जल्द खराब पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइट को ठीक कराकर चालू कराने की मांग की है, ताकि मोहल्ले में रात के समय प्रकाश व्यवस्था बहाल हो सके।




