Sonbhadra News : एसओजी और चोपन पुलिस को मिली बड़ी सफलता, ₹72 लाख के गांजा के साथ दो अन्तर्राज्जिय तस्कर गिरफ्तार
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोपन थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश.....

sonbhadra
3:14 PM, June 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• उड़ीसा से यूपी तक फैला नशे का नेटवर्क ध्वस्त, चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार
• 1.42 क्विंटल गांजा, दो कार, फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल बरामद, एक आरोपी फरार
सोनभद्र । नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोपन थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की अवैध गांजा खेप बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
आज पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि "पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को चोपन पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर दो कारें चोपन की ओर आ रही हैं। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस, डाला चौकी और एसओजी टीम ने चोपन बैरियर पर घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान एक इनोवा और एक स्विफ्ट कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दीं। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों वाहन चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर सलखन स्थित गांधी आश्रम के पास दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी में पांच बोरियों में भरा 1 क्विंटल 42 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत करीब 72 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो कारें, एक फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई।"
एएसपी ऋषभ रुणवाल ने बताया कि "गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो0 जावेद (लखनऊ) और अनुज कुमार मौर्य (रायबरेली) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे अपने साथी ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश के साथ उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। प्रत्येक खेप के बदले उन्हें मोटी रकम मिलती थी। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और रायबरेली समेत कई जिलों में नशे का जाल फैला रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अनुज कुमार मौर्य के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों की भी पड़ताल कर रही है।"
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




