Sonbhadra News : संकल्प और समर्पण से ही शसक्त होता है समाज-सुरेन्द्र अग्रहरि
पांच दिवसीय नाट्यकला के मंचन का भव्य आगाज

सोनभद्र
5:45 PM, October 10, 2025
“धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के फुलवार गांव के जुड़वनिया टोला में गुरुवार की रात संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत पांच दिवसीय नाट्यकला के मंचन का शुभारंभ धूमधाम से हुआ।
श्री सरस्वती नाट्य कला समिति द्वारा आयोजित इस मंचन का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुरेंद्र अग्रहरि (गुरुजी), पूर्व जिला महामंत्री भाजपा के हाथों माँ सरस्वती के प्रतिमा पर द्वीप प्रज्वलित कर व रिबन काट कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अग्रहरि ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि जिस प्रकार पक्षी को उड़ने के लिए दो पंखों की आवश्यकता होती है, उसी तरह जीवन में संकल्प और समर्पण दोनों जरूरी हैं। इन दो गुणों के बिना कोई कार्य सफल नहीं हो सकता। जिस निष्ठा और निरंतरता से यह नाट्य समिति 34 वर्षों से मंचन कर रही है, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, प्रेम और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करते हैं। जब हम दूसरों का सम्मान करते हैं और समाज के लिए समर्पित रहते हैं, तभी सच्चे अर्थों में प्रगति संभव है।
मंचन के प्रथम दिन "काला नाग उर्फ घर की बर्बादी” नाटक का मंचन किया गया।
नाट्य समिति के फाउंडर मुनेश्वर प्रसाद कनौजिया ने बताया कि उद्घाटन दिवस पर मंचित नाटक “काला नाग उर्फ घर की बर्बादी” में यह दर्शाया गया कि घर के भीतर पनपने वाला लालच, ईर्ष्या और स्वार्थ किस तरह परिवार को बर्बाद कर देता है।कहानी में “काला नाग” बुराई का प्रतीक है, जो रिश्तों में जहर घोल देता है, जबकि प्रेम, विश्वास और त्याग ही परिवार की असली शक्ति हैं।नाटक के तीखे संवादों और प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठे।




