Sonbhadra News : गुम मोबाइल पाकर 151 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
जिले की पुलिस ने खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले डेढ़ माह में खोए 151 मोबाइल फोन बरामद कर बृहस्पतिवार उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए.......

sonbhadra
10:19 PM, March 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले की पुलिस ने खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले डेढ़ माह में खोए 151 मोबाइल फोन बरामद कर बृहस्पतिवार उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए। मोबाइल पाकर पीड़ितों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराध की रोकथाम तथा गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण और सतत मॉनिटरिंग कर मोबाइल फोन को ट्रेस किया। बरामद सभी मोबाइलों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस की तत्परता और जनहितकारी कार्यशैली की सराहना की। पुलिस के अनुसार इससे पहले एक जनवरी 2026 में भी 151 खोए मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को लौटाए गए थे।



