Sonbhadra News : कर चोरी व फर्जी ITC रैकेट का SIT ने किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
कर चोरी, फर्जी फर्मों के संचालन तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है.......

sonbhadra
5:43 PM, April 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कर चोरी, फर्जी फर्मों के संचालन तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने डाला से किया गिरफ्तार -
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय)/जीएसटी SIT टीम नोडल अनिल कुमार के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। थाना रॉबर्ट्सगंज में पंजीकृत धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत वांछित अभियुक्त आसिफ अली पुत्र रुस्तम अली निवासी डाला बाजार मेन मार्केट पतरही थाना चोपन को गुरुवार की शाम लगभग 4:30 बजे वैष्णो देवी माता मंदिर डाला के सामने से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा -
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "अभियुक्त ने विभिन्न फर्मों के माध्यम से अलग-अलग वित्तीय वर्षों में लगभग 70 लाख रुपये की फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) अपने जीएसटी रिटर्न में दर्शायी थी, जबकि वास्तविक लेन-देन का कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया। अभियुक्त ने अपनी फर्म M/S D.K. Associates के माध्यम से बिना वास्तविक खरीद-बिक्री के कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी ITC पास ऑन की और सरकारी कर (GST) का भुगतान न कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया। जांच के दौरान फर्म द्वारा कोई वैध टैक्स इनवॉइस, बिल्टी या ई-वे बिल प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे पूरा लेन-देन फर्जी पाया गया। एसआईटी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डेटा मॉनिटरिंग के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, एक फाइल (फर्जी दस्तावेज सहित), एक मारुति कार XL6 तथा ₹26,450 नकद बरामद हुआ है। अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।"
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम का विवरण -
• निरीक्षक राजेश प्रसाद यादव, प्रभारी SIT टीम/अपराध शाखा
• निरीक्षक/विवेचक राजेश सरोज अपराध शाखा
• का0 किशन लाल तथा का0 संदीप कुमार, अपराध शाखा, सोनभद्र



