Sonbhadra News :बिचौलियों की चांदी और अन्नदाता परेशान: दुद्धी ब्लॉक के 8 लैम्पस को दरकिनार करने पर किसानों में आक्रोश, उप जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र
बिचौलियों की चांदी और अन्नदाता परेशान: दुद्धी ब्लॉक के 8 लैम्पस को दरकिनार करने पर किसानों में आक्रोश, उप जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
8:21 PM, November 7, 2026
बिचौलियों की चांदी और अन्नदाता परेशान: दुद्धी ब्लॉक के 8 लैम्पस को दरकिनार करने पर किसानों में आक्रोश, उप जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र
रमेश (संवाददाता )
दुद्धी(सोनभद्र ) शनिवार को दुद्धी तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में धान क्रय केंद्रों के निर्धारण में बरती गई कथित लापरवाही का मामला प्रकाश में आया। क्षेत्र के सजग किसान संजय यादव (संचालक मंडल सदस्य, मेदनीखाड़ लैम्पस) ने ग्रामीण किसानों की समस्या को लेकर उप जिलाधिकारी को संबोधित एक लिखित शिकायती पत्र सौंपा और धान खरीद प्रक्रिया की विसंगतियों पर गंभीर सवाल उठाए।शिकायतकर्ता संजय यादव ने अधिकारियों को बताया कि शासन द्वारा जारी प्रथम और द्वितीय सूची में दुद्धी ब्लॉक के किसी भी लैम्पस को धान खरीद का केंद्र नहीं बनाया गया है। यह फैसला हैरान करने वाला है क्योंकि दुद्धी ब्लॉक के अंतर्गत कुल आठ लैम्पस संचालित होते हैं, जिनसे करीब 3,000 सक्रिय किसान जुड़े हुए हैं। ये किसान हर साल अपनी खेती के लिए सहकारी समितियों से लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण (एसटी लोन) लेते हैं और समय पर उसे चुकाते भी हैं। इसके बावजूद इन केंद्रों की अनदेखी की गई है।
किसानों का सीधा आरोप है कि पूर्व में हमेशा इन लैम्पस को खरीद केंद्र बनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार ऐसा न करके सीधे तौर पर बिचौलियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। अगर स्थानीय स्तर पर क्रय केंद्र नहीं खुले, तो किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बिचौलियों को बेचनी पड़ेगी। इससे किसान सरकार द्वारा निर्धारित 2441 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लाभ से पूरी तरह वंचित हो जाएंगे।
इनसेट -
उप जिलाधिकारी का आश्वासन: उच्च अधिकारियों को कराया जाएगा अवगत-
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए तहसील समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे उप जिलाधिकारी (SDM) अशोक कुमार गुप्ता ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए आश्वस्त किया कि इस पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाएगा और दुद्धी ब्लॉक में धान क्रय केंद्र खोलवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा ताकि किसानों को अपनी धान की फसल बेचने में किसी भी प्रकार की दिक्क़त का सामना न करना पड़े।




