Sonbhadra News : भारतीय खाद्य निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर 55 लाख की धोखाधड़ी, एक गिरफ्तार
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में असिस्टेंट (एजी-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया और कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई।

sonbhadra
10:00 PM, November 27, 2026
शान्तनु विश्वास/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (एजी-III) के पद पर फर्जी तरीके से नौकरी दिलाने का झांसा देकर सात आठ लोगों से लगभग 55 लाख की धोखाधड़ी करने के मामले में एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर अपने आपको को रेलवे डीआरएम का स्टेनो बताता था और साधे बेरोजगार युवाओं को फर्जी तरीके से बनाया गया कूटरचित प्रवेश पत्र एवं नियुक्ति पत्र दिखाकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर रूपये ऐंठता था।
एडीशनल एसपी ऋषभ रुणवाल ने शुक्रवार को बताया कि 26 नवंबर को देवरिया जिला के सिरवनीयां, पोस्ट कंचनपुर निवासी दयानंद शर्मा ने थाना रायपुर पर प्रार्थना पत्र देकर शिकायत किया कि ग्राम रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र विरेन्द्र बहादुर पाण्डेय एवं उनके अन्य सहयोगियों द्वारा उन्हें भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में असिस्टेंट (एजी-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया और कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई। पीड़ित ने बताया कि वह अलग-अलग किस्तों में नकद एवं बैंक खाते के माध्यम से कुल 8 लाख 14 हजार रुपये दे चुका है। इसके बाद आरोपियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की सहायता से तैयार किया गया फर्जी एडमिट कार्ड एवं नियुक्ति पत्र प्रार्थी को सौंप दिया गया। दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर जब प्रार्थी ने शेष 2 लाख रुपये देने से मना किया तथा अपनी दी हुई रकम वापस मांगी, तो आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस टीम ने इस मामले में थाना रायपुर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू किया। पुलिस जांच में पता चला कि अभियुक्त थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर गुण्डा एवं दुराचारी है। अभियुक्त द्वारा भोली-भाली जनता को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कूटरचित प्रवेश पत्र एवं नियुक्ति पत्र तैयार कर रुपये प्राप्त कर धोखाधड़ी किए जाने की प्रवृत्ति प्रकाश में आई है। अभियुक्त स्वयं को रेलवे का डीआरएम का स्टेनो बताकर राजस्थान, बिहार एवं उत्तर प्रदेश के देवरिया, सोनभद्र के रायपुर व रॉबर्ट्सगंज के कुछ व्यक्तियों से रेलवे व भारतीय खाद्य निगम (FCI) में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधडी करने की बात प्रकाश में आई। जांच में यह भी पता चला कि उत्तर प्रदेश में अब तक 07 से 08 लोगों के साथ लगभग ₹55 लाख की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। जांच के बाद पुलिस टीम आरोपी के गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई। पुलिस टीम ने एक सूचना के आधार पर आज शुक्रवार की सुबह 07.40 बजे बुढिवार पुलिया के पास से अभियुक्त मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।




