Sonbhadra News : शहनाई से पहले सन्नाटा! दुल्हन प्रेमी संग फुर्र, परिवार में कोहराम
शादी की तैयारियों में जुटा परिवार उस वक्त सदमे में आ गया, जब 19 वर्षीय युवती अचानक घर से लापता हो गई। मामला म्योरपुर थाना क्षेत्र का है, जहां युवती के बभनी क्षेत्र के एक किशोर के साथ गायब होने.......

AI जनरेटेड बैनर....
sonbhadra
8:52 AM, April 30, 2026
एस0 प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर । शादी की तैयारियों में जुटा परिवार उस वक्त सदमे में आ गया, जब 19 वर्षीय युवती अचानक घर से लापता हो गई। मामला म्योरपुर थाना क्षेत्र का है, जहां युवती के बभनी क्षेत्र के एक किशोर के साथ गायब होने की चर्चा ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों के अनुसार, युवती की शादी आगामी 1 मई को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी बीच 22 अप्रैल की रात करीब 10 बजे युवती अचानक घर से गायब हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि बभनी थाना क्षेत्र का एक किशोर भी उसी समय से लापता है। इसके बाद यह चर्चा तेज हो गई कि दोनों साथ में फरार हो गए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती खुद गई है या उसे बहला-फुसलाकर भगाया गया है।
युवती के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपी किशोर उनकी बेटी को भगा ले गया है। तहरीर में किशोर की उम्र को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि वह बालिग है या नाबालिग। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां अचानक चिंता और बेबसी में बदल गई हैं।
थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने बताया कि "प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम युवती की तलाश में जुटी हुई है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी की उम्र और भूमिका की पुष्टि उसके बरामद होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।"
फिलहाल पुलिस युवती और किशोर की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, जबकि परिवार अपनी बेटी की सकुशल वापसी की उम्मीद में दिन-रात बेचैन है।



