Sonbhadra News : सर्दी का सितम, बर्फ़ीली हवाओं से शिमला बना सोनाँचल, अलाव बना सहारा
पिछले 10 दिनों से पश्चिम की तरफ से आती ठंडी बर्फीली हवाओं ने जिले का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है. अब हाड़ कंपा देने वाली ठंडी बर्फीली हवाओं से लोगों को सोनाँचल में शिमला जैसा अहसास होने लगा है....

ठण्ड से बचने के लिए स्वर्ण जयंती चौक पर अलावा तापते लोग
sonbhadra
7:39 AM, January 9, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पिछले 10 दिनों से पश्चिम की तरफ से आती ठंडी बर्फीली हवाओं ने जिले का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है. अब हाड़ कंपा देने वाली ठंडी बर्फीली हवाओं से लोगों को सोनाँचल में शिमला जैसा अहसास होने लगा है। बुधवार को दिन भर धूप निकलने के बावजूद भी स्थिति खराब रही और लोग ठंड भगाने की जुगत में लगे रहे। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही ठंड का असर पिछले एक तारीख से एकाएक और बढ़ गया और जहाँ मंगलवार को ठंडे मौसम ने रिकार्ड तोड़ दिया और अधिकतम पारा 16.4 डिग्री और न्यूनतम पारा 9.6 डिग्री पर आ गया, वहीं यह बुधवार क़ो न्यूनतम पारा घटकर 8.5 डिग्री पर पहुँच गया, इसके चलते पूरे दिन पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण गलन बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूटती रही लोग ठण्ड से बचने की जुगत में लगे रह। इधर, सर्द हवाओं के कारण बढ़ी ठंड का असर बाजारों पर भी पड़ा और ठंड से बचने के लिए लोग बुधवारक़ो शाम होते ही अलाव जलाकर तापते रहे।
अभी और गिरेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञों की मानें, तो उत्तर-पश्चिम में मौजूद पहाड़ों की ओर से चलने वाली बर्फीली सर्द हवाओं की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड अभी और बढ़ेगी। ऐसे में ठंड का प्रकोप अभी अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है।
शाम होते ही छाने लग रहा कोहरा, बढ़ने लग रही ठंड
जैसे-जैसे ठंड अब अंतिम पड़ाव की ओर जा रही है, वैसे-वैसे शाम होते ही अब ठंड के साथ कोहरा छाने लगा है। रात का तापमान धीरे-धीरे कम होने लगा है, जिससे ठंड भी काफी बढ़ गयी है। हालांकि, दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के राजन सिंह की मानें, तो आने वाले दिनों में ठंड की रफ्तार और तेजी से बढ़ेगी और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी आयेगी। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण सर्द हवा चलेगी, जिससे हाड़ कंपाने वाली ठंड का एहसास होगा। इधर, कोहरा छाने और बढ़ रही ठंड के कारण शाम होते ही लोग घरों में चले जा रहे हैं। रात आठ बजे तक बाजार बंद हो जा रहा है। मॉर्निंग वाॅक के लिए भी लोग शहर में देर से निकल रहे हैं।




