Sonbhadra news : ओबरा में सीवेज व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, 22 करोड़ से बनेगा 6.7 एमएलडी एसटीपी
नगर में सीवेज और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को बड़ी परियोजना की शुरुआत हुई।

sonbhadra
7:21 PM, September 19, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा, सोनभद्र। नगर में सीवेज और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को बड़ी परियोजना की शुरुआत हुई। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से 6.7 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और नाला डायवर्जन कार्य का भूमि पूजन किया गया। समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परियोजना का शुभारंभ किया।
परियोजना के तहत गीतांजलि पेट्रोल पंप के पास स्थित नाले से थर्मल पावर प्रोजेक्ट के नाले तक नाला डायवर्जन कराया जाएगा। इसके साथ ही नगर में निकलने वाले सीवेज के वैज्ञानिक उपचार के लिए 6.7 एमएलडी क्षमता का एसटीपी विकसित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना पूरी होने के बाद नगर की जल निकासी और सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय, मिर्जापुर की कार्यदायी संस्था की देखरेख में परियोजना का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना का कार्य अयोध्या की मैसर्स पवन कुमार सोनी संस्था को सौंपा गया है। परियोजना के प्रोजेक्ट इंचार्ज वीर पाल सिंह ने कार्य से जुड़ी जानकारी दी।
भूमि पूजन कार्यक्रम नगर अध्यक्ष चांदनी देवी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार चौधरी, सहायक अभियंता राज कुमार पटेल, जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल समेत नगर पंचायत के सभासद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में श्रवण पासवान, उमेश सिंह पटेल, राकेश मिश्रा, राम निवास तोमर, मनोज सिंह, सतीश पाण्डेय, सुनील मिश्रा, विकास सिंह, दशरथ शुक्ला, सरिता सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजेश यादव, अजीत कन्नौजिया, आदर्श सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी शिशिर शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।




