Sonbhadra News : सितंबर की गर्मी ने लोगों को झूलसाया, जनजीवन अस्त-व्यस्त
उफ! यह गर्मी, लोगों के मुंह से यही शब्द निकल रहे हैं। दोपहर में तो आसमान से आग बरस रही है, इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है। वहीं इस उमस भरी गर्मी से संक्रामक रोग भी पैर पसारने लगे है। भीषण...

sonbhadra
12:18 AM, September 24, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उफ! यह गर्मी, लोगों के मुंह से यही शब्द निकल रहे हैं। दोपहर में तो आसमान से आग बरस रही है, इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है। वहीं इस उमस भरी गर्मी से संक्रामक रोग भी पैर पसारने लगे है। भीषण गर्मी ने हाल-बेहाल कर रखा है।
सितंबर माह बरसात और खुशगवार मौसम के लिए जाना जाता है लेकिन इस बार हो रहा है ठीक उल्टा सितंबर में मार्च जैसी गर्मी झेलनी पड़ रही है। बारिश का सिलसिला खत्म होते ही गर्मी का असर बढ़ गया है। पिछले कई दिनों से लगातार गर्मी बढ़ने से लोग पसीनों में तर-बतर हो रहे हैं। सोमवार को भी सुबह से सूरज के तेवर तेज रहे। दोपहर होने तक गर्मी का असर बढ़ गया। अधिकतम तापमान भी बढ़ने के बाद 34 डिग्री पार कर गया है। वहीं मौसम विभाग की माने तो 26 सितंबर को फिर से बादल लौट सकते हैं। चमक-गरज के साथ झमाझम बारिश की संभावना बन रही है, इसके साथ ही तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश के बाद इस उमस भरी गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी और तेज धूप से लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है।
सोमवार को भी सुबह से धूप और छांव का अगला सिलसिला चला, लेकिन इस बीच तेज धूप खिली। दोपहर में धूप की तीव्रता अधिक हो गई, इससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई और दो डिग्री बढ़ोत्तरी के चलते लोग पसीनों से तर-बतर हो गए। गर्मी के चलते फिर से एयर कंडीशनर और कूलर का सहारा लेना पड़ा। दिनभर धूप-छांव के मौसम के बीच उमस से पसीनों में भीगे रहे। बाहर निकलने वालों को उमस का सामना करना पड़ा। गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से बारिश होने की संभावना बन रही है। जिसके बाद तापमान गिरकर 29 डिग्री तक पहुंचने की सम्भावना है।




