Sonbhadra News : सोनभद्र में डबल मर्डर से सनसनी, जाते समय सीसीटीवी का डीवीआर भी उठा ले गए हत्यारे
नगर के बीच आज सुबह डबल मर्डर की खबर में पूरे जिले में सनसनी फैला दी । जिला मुख्यालय और कोतवाली राबर्ट्सगंज से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर हुए मर्डर ने पुलिस के गश्त व सतर्कता पर सवाल खड़ा कर दिया ।

sonbhadra
6:20 PM, August 10, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर के बीच आज सुबह डबल मर्डर की खबर में पूरे जिले में सनसनी फैला दी । जिला मुख्यालय और कोतवाली राबर्ट्सगंज से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर हुए मर्डर ने पुलिस के गश्त व सतर्कता पर सवाल खड़ा कर दिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने जल्द खुलासा करने की बात कही है ।
जानकारी के मुताबिक धर्मशाला चौक स्थित राज पैलेस के पास धर्मेंद्र कुमार (46वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी ब्रह्नमनगर गली नम्बर 2 बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान करते थे । धर्मेंद्र नगर पालिका राबर्ट्सगंज में सभासद भी रह चुके हैं । धर्मेंद्र बिजनेस को लेकर अपनी पत्नी मंजू देवी (43वर्ष) के साथ ऊपर बने कमरे में रहते थे । मृत दम्पत्ति की पुत्री प्रतीक्षा (24वर्ष) धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज सुंदरपुर वाराणसी में बीएड अंतिम वर्ष की छात्रा है जबकि पुत्र प्रियांशु (22वर्ष) आरएस बनारस लॉ कॉलेज से बीए-एलएलबी का छात्र है। वहीं मृतक धर्मेंद्र के पिता ईश्वरी प्रसाद और मुनक्का देवी दोनों परिषदीय विद्यालय के सेवानिवृत्ति शिक्षक हैं, जो ब्रह्मनगर में बने अपने आवास में रहते हैं ।
आज सुबह प्रियांशु अपने माता-पिता को फोन कर रहा था लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। जब कई बार प्रयास करने के बाद भी फोन नहीं उठा तो वह घबराकर अपने मामा डेहरीकला निवासी सुनील क़ो दुकान पर बने कमरे पर देखने के लिए भेजा । ज़ब सुनील घर के अंदर पहुँचे तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। उसके जीजा बेड पर और उसकी बहन बेड के बगल में जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी और उनके आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना अपने अन्य रिश्तेदारों और पुलिस क़ो दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस बल के साथ प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय मौके पर पहुंच गए और अपने उच्चाधिकारियों क़ो मामले से अवगत कराया। जिसके बाद एसपी के आदेश पर पहुँची फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल से कुछ फिंगरप्रिंट्स और सुबूत एकत्रित किया। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को देखकर पहले तो पुलिस निश्चिंत दिखी लेकिन थोड़ी देर बाद जब उसे यह पता चला कि कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर गायब है तो पुलिस टेंशन में नजर आने लगी ।
वहीं घटना के थोड़ी देर बाद ही क्षेत्राधिकारी (नगर) चारु द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह भी मौके पर पहुँच गए और घटना स्थल का मुआयना किया।
इस दौरान एसपी डॉ0 यशवीर सिंह ने बताया कि "जाँच की जा रही है जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा।"
इस दोहरे हत्याकांड के बाद से मृतक के माता-पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बहरहाल इस दोहरे हत्याकांड ने न सिर्फ लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है बल्कि कोतवाली से तीन सौ मीटर व धर्मशाला पर लगने वाले पिकेट से 150 मीटर की दूरी पर हुए डबल मर्डर ने पुलिस के गश्त व उसके सतर्कता पर सवाल खड़ा कर दिया है ।




