Sonbhadra News : ग्राम्य विकास संस्थान के निर्माण की धीमी रफ्तार देख भड़के मंडलायुक्त, लगाई फटकार
विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज के समीप निर्माणाधीन ग्राम्य विकास संस्थान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण..

ग्राम्य विकास संस्थान का निर्माण कार्य देखते मंडलायुक्त राजेश प्रकाश......
sonbhadra
10:56 PM, July 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज के समीप निर्माणाधीन ग्राम्य विकास संस्थान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली इस परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि आवासीय भवन, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, बाउंड्री वॉल, आंतरिक सड़क, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, ड्रेनेज सहित सभी सहायक कार्य तय कार्ययोजना के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किए जाएं। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने और नियमित रूप से प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि परियोजना में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराया जाए।




