Sonbhadra News : दोहरे हत्याकांड के विरोध में सर्वसमाज ने निकाला कैंडल मार्च
बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी और उसकी पत्नी की बेरहमी से किए गए हत्या का चार दिन बाद भी खुलासा नहीं होने से आक्रोशित सर्वसमाज के लोगों ने आज कैण्डल मार्च निकाला।

sonbhadra
11:32 PM, August 13, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड के पास बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी और उसकी पत्नी की बेरहमी से किए गए हत्या का चार दिन बाद भी खुलासा नहीं होने से आक्रोशित सर्वसमाज के लोगों ने जहां आज देर शाम कैंडल मार्च निकाला। वहीं, लोगों ने स्वर्ण जयंती चौक पर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मामले के अविलंब खुलासे और हत्यारों के गिरफ्तारी की मांग करते हुए वी वांट जस्टिस, न्याय दो.., हत्यारों को फांसी दो.. के नारे भी लगाए।
आज नगर के मेन चौक से सर्वसमाज के लोगों ने वी वांट जस्टिस.. के स्लोगन लिखे पोस्टर के साथ स्वर्ण जयंती चौक तक कैण्डल मार्च निकाल स्वर्ण जयंती चौक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष विवेक पटेल ने कहा कि घटना के चार दिन बाद भी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। हत्या की वजह क्या थी इसकी भी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। नगर के व्यस्ततम और सुरक्षित इलाके में जिस तरह से खौफनाक वारदात हुई उसने लोगों को दहशत में डाल रखा है। कहा कि अगर अविलंब मामले का खुलासा कर हत्यारों का की गिरफ्तारी नहीं की गई तो बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
बताते चलें कि गत शनिवार की भोर में हत्यारों ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से सटे मकान के उपरी तल में घुसकर व्यावसायिक धर्मेंद्र सिंह पटेल उर्फ गुड्डू और उसकी पत्नी मंजू देवी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या का तरीका कितना खौफनाक था कि मौके की हालत देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए थे। वहीं चार दिन बाद भी इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से नगरवासी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा कर रहे हैं।




