सोनभद्र । शहर में रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण शुरू हुआ तो लोगों ने बेहतर यातायात व्यवस्था की उम्मीद की थी, लेकिन निर्माण शुरू होते ही राहगीरों की मुश्किलें कम होने के बजाय लगातार बढ़ती चली गईं। कभी जाम, कभी एकल मार्ग और अब वैकल्पिक रास्ते की बदहाली। आरओबी निर्माण के बीच शहरवासियों का सफर मानो मुसीबतों की भूलभुलैया बन गया है। जिला प्रशासन और सदर विधायक भूपेश चौबे के हस्तक्षेप से वैकल्पिक मार्ग जरूर खुला, लेकिन जिस रास्ते से लोगों को राहत मिलनी थी, वहीं अब हादसों का खतरा बन गया है। राबर्ट्सगंज रेलवे फाटक से आवागमन प्रभावित होने के कारण छोटे ऑटो, टोटो और चार पहिया वाहन घुवास जाने वाले लिंक मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन इस मार्ग की हालत नगर पालिका की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। सड़क के बीच बनी नाली कई जगह से टूटकर खुली पड़ी है। यानी जिस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजर रहे हैं, वहां सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं।