Sonbhadra news : सड़क या गड्ढों का जाल? ग्रामीणों की राह मुश्किल
आदिवासी बहुल इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदहाली को और उजागर कर दिया है।

sonbhadra
2:34 PM, September 26, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। राबर्ट्सगंज विकासखंड क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदहाली को और उजागर कर दिया है। सलखन से बेलछ होते हुए रुदौली जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढों और जलभराव में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि इस मार्ग से पैदल गुजरना भी ग्रामीणों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
लगातार बारिश के कारण सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही छोटे-बड़े वाहनों को भी आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई आदिवासी बहुल गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी बदहाली पर प्रभावी ध्यान नहीं दिया गया। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों को आशंका है कि गड्ढों और जलभराव के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं पिछले तीन दिनों से जारी लगातार बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सलखन-बेलछ-रुदौली मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत, जलनिकासी और आवागमन बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान समस्या और विकराल हो सकती है।




