Sonbhadra News : सदर विधायक ने आरओबी निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर वर्षों से लोगों को जाम और आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा था, लेकिन अब बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण परियोजना धरातल पर उतरने लगी है। निर्माण कार्य शुरू......

आरओबी निर्माण कार्य का निरीक्षण करते सदर विधायक भूपेश चौबे.......
sonbhadra
8:58 PM, June 24, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• बरसात से पहले वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश, बोले- जनता को नहीं होने देंगे कोई असुविधा
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर वर्षों से लोगों को जाम और आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा था, लेकिन अब बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण परियोजना धरातल पर उतरने लगी है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे ने बुधवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्य की कीमत जनता को परेशानी के रूप में नहीं चुकानी पड़ेगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने रेलवे विभाग, लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, डायवर्जन व्यवस्था तथा बरसात के मौसम को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण जिले के सबसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में शामिल है और इसे गुणवत्ता तथा समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाना सरकार की प्राथमिकता है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण अवधि के दौरान जिन वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित होगा, उनकी तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाए। विशेष रूप से बरसात को देखते हुए सड़कें गड्ढामुक्त हों और जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर बनने वाला ओवरब्रिज न केवल जाम की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करेगा, बल्कि नगर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के साथ व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही या जनसुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और डायवर्जन मार्गों पर पर्याप्त संकेतक, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने भी ओवरब्रिज निर्माण को रॉबर्ट्सगंज के विकास का "टर्निंग प्वाइंट" बताते हुए कहा कि वर्षों से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी और शहर का यातायात सुगम होगा।




