Sonbhadra news : सरदार पटेल की 150वी जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया।

sonbhadra
3:27 PM, October 31, 2025
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
- सरदार वल्लभभाई पटेल के अमूल्य योगदान को किया गया नमन.
शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ओबरा और चोपन थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान थाना चोपन के प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सम्मिलित हुए। वहीं, थाना ओबरा पुलिस ने क्षेत्राधिकारी ओबरा के नेतृत्व में इस दौड़ का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के नारे लगाए। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सद्भावना का संदेश दिया, साथ ही राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अमूल्य योगदान को नमन किया। यह दौड़ लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी थी, जिसे पूरा करने में लगभग 30 मिनट लगे। कार्यक्रम सुबह 8:00 बजे शुरू हुआ, जिसमें सभी कर्मचारी और अधिकारी पीटी ड्रेस (लोअर टी-शर्ट) में मौजूद थे। ओबरा तहसील में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य सरदार पटेल के योगदान को सम्मानित करते हुए देश की एकता और अखंडता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण के बाद, पुलिसकर्मियों और युवाओं ने 'रन फॉर यूनिटी' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एक स्थानीय छात्रा ने कहा, "हमें किसी भी धर्म, जाति या संप्रदाय में भेदभाव नहीं करना चाहिए। हमें सरदार पटेल के भारत की एकता और अखंडता में दिए गए योगदान का सम्मान करना चाहिए।"




