Sonbhadra News : अफवाह बन रही बड़ी आफत, बच्चा चोर के आरोप में 'बेकसूर' बन रहे बेकाबू भीड़ का शिकार
जिले में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह ने आम आदमियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। अब लोगों को किसी आवश्यक कार्य के लिए दूसरे गांव जाने में डर लगने लगा है। आलम यह है कि भीड़ द्वारा....

sonbhadra
3:25 PM, March 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह ने आम आदमियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। अब लोगों को किसी आवश्यक कार्य के लिए दूसरे गांव जाने में डर लगने लगा है। आलम यह है कि भीड़ द्वारा बच्चा चोरी के आरोप में शक के बिना पर किसी न किसी बेकसूर व्यक्ति को अपना शिकार बनाया जा रहा है।
अबतक के ज्यादातर मामले में गांव में बाहर से आने वाले भीख मांगने वाले से लेकर अन्य कार्य के लिए आने वाले लोगों को बच्चा चोर समझकर उनके साथ मारपीट एवं बंधक बनाया जा रहा है। किसी भी गांव में बच्चा चोर की अफवाह पर भीड़ हिंसक होकर कानून अपने हाथ में ले लेता है और बाद में जांच पड़ताल में वह व्यक्ति या तो पागल निकलता है या फिर भीख मांगने वाला निकलता है।
जानकारी के अनुसार अबतक क्षेत्र में कहीं से भी किसी बच्चे के गायब होने की शिकायत थाना में दर्ज नहीं हुई है। बावजूद इसके लोग पैनिक हो रहे हैं। जिले में दो-तीन स्थानों में बच्चा चोरी के आरोप में निर्दोष के साथ हुए अमानवीय व्यवहार ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। वहीं ताजा मामले में रेणुकूट चौकी क्षेत्र में एक आरोपी को पहले भीड़ ने पकड़ कर पिटाई की बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जहां पुलिस की जांच में आरोपी मानसिक विक्षिप्त निकला। वहीं दूसरी घटना होली वाले दिन की है जहां दुद्धी थाना क्षेत्र के रजखड़ गांव में हिंसक भीड़ ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को बच्चा चोर कहकर उसकी जमकर पिटाई कर दिया, जांच में वो व्यक्ति भी भीख मांगने वाला निकला।




