Sonbhadra News : श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्जन लागू, 31 जुलाई से बदलेगा ट्रैफिक व्यवस्था
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन योजना लागू की है........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:38 PM, July 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था 31 जुलाई 2026 रात्रि 8 बजे से प्रभावी होगी। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार के अवसर पर शुक्रवार सायं 8 बजे से मंगलवार प्रातः 8 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर निर्धारित मार्गों के अनुसार डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं श्रावण शिवरात्रि (11 अगस्त) के मद्देनजर 7 अगस्त रात्रि 8 बजे से 12 अगस्त प्रातः 8 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार सोनभद्र से मीरजापुर जाने वाले भारी वाहनों को हिन्दुआरी-सुकृत-अहरौरा मार्ग, जबकि चोपन की ओर से मीरजापुर, भदोही एवं प्रयागराज जाने वाले वाहनों को रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर, हिन्दुआरी, अहरौरा एवं टेंगरा मोड़ मार्ग से होकर भेजा जाएगा।
इसी प्रकार रायपुर-पन्नूगंज से रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और चोपन की ओर आने वाले भारी वाहन बेलखुरी मोड़-मधुपुर मार्ग का उपयोग करेंगे। घोरावल-शाहगंज मार्ग से रॉबर्ट्सगंज शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को शाहगंज तिराहा-राजगढ़ मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं मारकुण्डी की ओर से कचहरी होते हुए पन्नूगंज जाने वाले भारी वाहनों को रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर, मधुपुर और बेलखुरी तिराहा मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। राजगढ़ एवं रॉबर्ट्सगंज की ओर से ट्रैक्टर द्वारा शिवद्वार मंदिर आने वाले कांवड़ियों को शाहगंज से लगभग चार किलोमीटर आगे ओदार मोड़ से सीधे शिवद्वार मंदिर, घोरावल की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जिससे मुख्य मार्ग पर भीड़ और जाम की स्थिति न बने।
श्रावण मास के प्रमुख पर्वों में 3 अगस्त को प्रथम सोमवार, 10 अगस्त को द्वितीय सोमवार, 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि, 17 अगस्त को तृतीय सोमवार तथा 24 अगस्त को चतुर्थ सोमवार शामिल हैं। इन तिथियों पर जनपद में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष यातायात प्रबंधन की तैयारी की है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति से बचने में प्रशासन का साथ दें।




