जिले के रॉबर्ट्सगंज स्थित एकमात्र फ्लाईओवर इन दिनों रील लवर्स के लिए हॉट स्पॉट बन गया है। ठण्ड की सुबह हो या देर रात यहाँ पर अक्सर युवाओं का जमावड़ा देखा जा सकता है। कोई फ्लाईओवर पर लेटकर “रील” बनाता है, तो कोई पूरी टीम के साथ डांस करता है। इस तीन किमी लंबे फ्लाईओवर पर स्टंट और रीलबाज़ी से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। फ्लाईओवर पर वाहनों की तेज रफ्तार में आवाजही होती है, ऐसे में रील बनाने के चक्कर में यदि कोई युवा तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ गया तो जानलेवा हादसे का भी डर बना रहता है। वहीं लोगों का कहना है कि रील बनाने के चक्कर में युवा जान जोखिम में डाल रहे हैं। इसलिए स्थानीय पुलिस और स्टेट हाइवे अथोर्टी को ऐसे युवाओं पर सख्त कार्यवाही करना चाहिए, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बचाया जा सके साथ ही फ्लाईओवर पर रील बनाने पर रोक भी लगानी चाहिए।