Sonbhadra News : रक्षाबंधन पर रोडवेज बहनों को कराएगा मुफ्त सफर, सभी तैयारियां पूर्ण
रक्षाबंधन पर बहनें रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। 18 अगस्त की रात 12 बजे से 20 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में बहनों को मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। त्योहार पर भीड़ बढ़ने की वजह से......

सोनभद्र
8:28 AM, August 17, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रक्षाबंधन पर बहनें रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। 18 अगस्त की रात 12 बजे से 20 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में बहनों को मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। त्योहार पर भीड़ बढ़ने की वजह से सोनभद्र डिपो में मौजूद सभी 64 बसें सड़क पर दौड़ती रहेंगी। इसके लिए चालक-परिचालक की छुट्टी रद्द कर दी गई है, ताकि किसी भी बस के संचालन में दिक्कत न आए।
सरकार के निर्देश के बाद सोनभद्र डिपो ने बहनों को सोनभद्र डिपो ने पिछले वर्ष रक्षाबंधन पर 50 हजार से अधिक महिलाओं को मुफ्त सफर कराया था। इस साल भी सरकार रक्षाबंधन पर बहनों को रोडवेज बसों में 48 घंटे मुफ्त सफर की सुविधा देगी। इसको लेकर परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने आरएम और एआरएम को निर्देश जारी किए हैं। इसमें रोडवेज की सभी श्रेणी की बसों में मुफ्त सफर की सुविधा रहेगी, भीड़ बढ़ने पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। चालक-परिचालक व अन्य स्टाफ को प्रोत्साहन राशि भी दिए जाने की व्यवस्था रहेगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक विश्राम ने बताया कि "सरकार के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मुफ्त सफर की सुविधा रहेगी। 18 अगस्त की रात 12 बजे से 20 अगस्त की रात 12 बजे तक बहनों के लिए मुफ्त सफर रहेगा। भीड़ को देखते हुए इस बार सभी 64 बसों को सड़क पर उतारा जाएगा। इसके लिए उनका मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। डिपो में 10 नियमित, 93 संविदा चालक और 15 नियमित समेत 107 परिचालक हैं। सभी को ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में स्वीकृत उनकी छुट्टी भी रद्द की गई है।"




