Sonbhadra News : सड़क के लिए मिट्टी उठान, वन विभाग ने रोका
विस्थापितों के लिए सड़क मरम्मत कार्य,वन विभाग ने रोका भूमि स्वामित्व को लेकर सिंचाई विभाग और वन विभाग आमने-सामने

sonbhadra
5:54 PM, September 19, 2026
विस्थापितों के लिए सड़क मरम्मत कार्य,वन विभाग ने रोकाभूमि स्वामित्व को लेकर सिंचाई विभाग और वन विभाग आमने-सामने
राजा (संवाददाता)
अमवार। कनहर डूब क्षेत्र के किनारे बघाडू से सिधवादामर (सुगवामान) जाने वाली सड़क की मरम्मत एवं ऊंचाई बढ़ाने का कार्य शनिवार को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रोक दिया। सड़क का निर्माण कार्य सिंचाई विभाग द्वारा डूब क्षेत्र में बचे विस्थापित ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए कराया जा रहा था।बताया गया कि सड़क के एक स्थान पर जलभराव एवं आवागमन की समस्या को देखते हुए सड़क की ऊंचाई बढ़ाकर मरम्मत के साथ पीसीसी कराने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान बघाडू रेंज वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। वन विभाग का कहना है कि सड़क की ऊंचाई बढ़ाने के लिए जिस स्थान से मिट्टी का उठान किया जा रहा है, वह भूमि वन विभाग की है।वहीं सिंचाई विभाग के अनुसार जिस भूमि से मिट्टी का उठान किया जा रहा है, वह कनहर डूब क्षेत्र के सीमांकन में निर्धारित पिलर के अंतर्गत आती है और भूमि सिंचाई विभाग की है। विभाग द्वारा डूब क्षेत्र में अभी बचे हुए विस्थापित परिवारों की समस्या को देखते हुए सड़क को ऊंचा कर पीसीसी कराने का कार्य कराया जा रहा था।भूमि के सीमांकन को लेकर उठे सवालनिर्माण कार्य रुकने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भूमि के स्वामित्व और सीमांकन को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कनहर डूब क्षेत्र के सीमांकन के अंतर्गत आने वाली भूमि का सिंचाई विभाग द्वारा अधिग्रहण किया गया था। ऐसे में यदि उक्त भूमि वन विभाग की है तो वह डूब क्षेत्र के सीमांकन के दौरान कैसे शामिल हुई, इसकी जांच होनी चाहिए।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही सड़क और आवागमन की समस्या बनी हुई है। ऐसे में मरम्मत कार्य रुकने से डूब क्षेत्र के अंतर्गत बचे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। निर्माण कार्य रोके जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से सिंचाई विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम से मौके का सीमांकन कराकर भूमि विवाद का समाधान कराने तथा सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।




