Sonbhadra News : बरखोहरा में सड़क मरम्मत के कुछ माह बाद ही हुई जर्जर, ग्रामीणों में आक्रोश
दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के बरखोहरा गाँव में चौराहे से कसीवाखाड़ तक हाल ही में कराई गई सड़क मरम्मत कुछ ही महीनों में फिर से जर्जर हो गई है।

sonbhadra
7:25 PM, February 21, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के बरखोहरा गाँव में चौराहे से कसीवाखाड़ तक हाल ही में कराई गई सड़क मरम्मत कुछ ही महीनों में फिर से जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियाँ उखड़ चुकी हैं और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण नंदू यादव, कामेश्वर यादव, संतोष ,नीरज कुमार का आरोप है कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप किया गया होता तो सड़क इतनी जल्दी टूटकर खराब नहीं होती।
बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बना रहेगा। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वालों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा पुनः सुदृढ़ निर्माण कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




