Sonbhadra News : सड़क हादसा : दोस्त को लेने जा रहे युवक की मौत
थाना क्षेत्र के लीलासी–सागोबांध मार्ग पर सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

sonbhadra
1:10 AM, March 4, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर। थाना क्षेत्र के लीलासी–सागोबांध मार्ग पर सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हीरालाल (30) पुत्र स्वर्गीय रामसुंदर निवासी कुदरी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हीरालाल अपने दोस्त को लेने म्योरपुर जा रहा था, जो वाराणसी से आकर म्योरपुर बस स्टैंड पर उतरा था। रास्ते में लीलासी गांव के समीप तेज रफ्तार के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद युवक पूरी रात घायल अवस्था में वहीं पड़ा रहा।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने गड्ढे में बाइक और युवक को पड़े देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर लीलासी चौकी इंचार्ज मनोज सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक पूछताछ के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
मृतक के चाचा राम अवतार ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें सुबह मिली। उन्होंने बताया कि हीरालाल वाराणसी में मजदूरी का कार्य करता था और सोमवार को ही होली मनाने घर आया था। दोस्त को लेने जाते समय यह हादसा हो गया।
युवक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।



