Sonbhadra News : 'एक बूथ, दस यूथ' के मंत्र के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा रालोद युवा
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोकदल युवा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित सिंचाई डाक बंगले में..........

नवनियुक्त प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी का भव्य स्वागत करते रालोद कार्यकर्ता........
sonbhadra
4:54 PM, June 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• रालोद युवा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव के सोनभद्र प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
सोनभद्र । आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोकदल युवा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित सिंचाई डाक बंगले में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा जिलाध्यक्ष प्रशांत विष्णु प्रताप सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में रालोद युवा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी मौजूद रहे।
बैठक का शुभारंभ भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
बैठक में संभावित प्रदेश अध्यक्ष युवा रविंद्र सिंह पटेल के प्रस्तावित सोनभद्र दौरे, संगठन विस्तार, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि "विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 'एक बूथ, दस यूथ' के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी चुनाव में युवाओं की भूमिका निर्णायक साबित होगी।"
युवा जिलाध्यक्ष प्रशांत विष्णु प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवा जनपद के सभी ब्लॉकों और तहसीलों में संगठन विस्तार का अभियान चला रहा है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर युवाओं को संगठन से जोड़ेंगे और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में विभिन्न ब्लॉकों और तहसीलों से आए पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए। इस दौरान व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सचिन गुप्ता, छात्र प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सूरत चौबे, वीरेंद्र मिश्रा, रामसेवक पटेल, राजेंद्र पटेल, राजू पासवान, शिवपूजन दुबे, गणेश विश्वकर्मा, सूर्या यादव, रमेश बियार, अविनाश त्रिपाठी, आशुतोष पांडेय, प्रभु, विजय केशरी, रोहित जैन, शिवम, संतोष यादव, नीरज सोनी, आकाश मौर्य, अनूप केशरी, संजय मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




