Sonbhadra News : जिले में उफनती नदियों का कहर, बिच्छी और बिजुल नदी में सात लोग बहे, दो बच्चों समेत चार लापता
लगातार हो रही बारिश के बीच जनपद की नदियां अब कहर बरपाने लगी हैं। जिले के अलग-अलग इलाकों में उफनाई नदियों के तेज बहाव में चार बच्चों सहित सात लोग बह गए। इनमें दो बच्चों सहित चार लोग अभी भी लापता हैं...

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
9:24 AM, August 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लगातार हो रही बारिश के बीच जनपद की नदियां अब कहर बरपाने लगी हैं। जिले के अलग-अलग इलाकों में उफनाई नदियों के तेज बहाव में चार बच्चों सहित सात लोग बह गए। इनमें दो बच्चों सहित चार लोग अभी भी लापता हैं, जबकि तीन बच्चों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया है।
ओबरा क्षेत्र में बिजुल नदी में सोमवार शाम दो ग्रामीणों के बहने के बाद करीब 24 घंटे से तलाश जारी है, वहीं बीजपुर के रजमिलान गांव में मंगलवार को बिच्छी नदी में चार बालक बहने लगे। तीन बालकों को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाल लिया, जबकि एक बालक को बचाने नदी में उतरा अधेड़ भी तेज धारा में बह गया। दोनों की देर शाम तक तलाश जारी थी।
पुलिया के ऊपर से बह रहा पानी, दो ग्रामीण नदी में बहे -
ओबरा संवाददाता घनश्याम पांडेय के अनुसार, ओबरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसोई में बिजुल नदी बारिश के बाद उफान पर है। नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है। सोमवार की शाम पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर रामप्रीत खरवार (48वर्ष) और बेचई बैगा (55वर्ष) नदी में बह गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस और पीएसी के जवानों ने दोनों की तलाश में अभियान शुरू किया, लेकिन करीब 24 घंटे बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
ओबरा सीओ प्रभात राय ने बताया कि "दोनों ग्रामीणों की तलाश लगातार जारी है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।"
बिच्छी नदी में बहे नहाने गए चार बालक -
उधर, बीजपुर थाना क्षेत्र के रजमिलान गांव में मंगलवार को बिच्छी नदी में नहाने गए चार बालक अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह तीन बालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 10 वर्षीय लल्लू तेज धारा में बह गया। वहीं लल्लू को बचाने के लिए 50 वर्षीय राजकुमार नदी में उतर गए, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में लापता हो गए। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि "एसडीआरएफ और पीएसी के बाढ़ राहत दल को सूचना दे दी गई है। नदी का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है।"
बारिश में उफन रहीं नदियां, खतरे के बीच आवाजाही -
लगातार बारिश से जिले की कई छोटी-बड़ी नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर पानी पुल-पुलियों के ऊपर से बह रहा है। ऐसे में ग्रामीणों की आवाजाही भी जोखिम भरी हो गई है। लगातार सामने आ रही नदी हादसों की घटनाओं ने प्रशासन के सामने भी चुनौती बढ़ा दी है।
जिला प्रशासन की अपील -
जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि उफनती नदियों, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का जोखिम न उठाएं। पानी का बहाव कम नजर आने के बावजूद नदी और पुलिया के ऊपर से गुजरना जानलेवा साबित हो सकता है।




