Sonbhadra News : एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन और चार सेंटरों के रीन्यूअल की दी गई स्वीकृति
चिकित्साधिकारी कार्यालय में जिला सलाहकार समिति पीसी एंड पीएनडीटी की बैठक की गई

sonbhadra
9:45 PM, August 21, 2024
आनंद कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में आज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में जिला सलाहकार समिति पीसी एंड पीएनडीटी की बैठक की गई। बैठक के दौरान समिति द्वारा अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन, रिन्यूअल, संस्थानों को मशीन के फॉर्म-बी में एंट्री, चिकित्सकों की जॉइनिंग, अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने, स्थान परिवर्तन और अस्पतालों के सील सीजर पर विचार-विमर्श किया गया।
अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन और रीन्यूअल के लिए प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श करते हुए समिति द्वारा मात्र एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन और चार सेंटर के रीन्यूअल की स्वीकृति दी, जबकि निबंधन के लिए 3 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की दशा में उन के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने बताया कि जनपद में संचालित 4 केन्द्रों द्वारा नवीनीकरण एवं 4 केन्द्रों द्वारा पंजीयन हेतु आवेदन किया गया है। प्रसाद कुंवर हास्पिटल डायग्नोस्टिक सेन्टर-दुद्दी, श्रेया हास्पिटल डायग्नोस्टिक सेन्टर-राबर्टसगंज, एस0एस0जी0 डायग्नोस्टिक सेन्टर राबर्टसगंज एवं 100 वेड एम0सी0एच0 विंग लोढ़ी ने नवीनीकरण हेतु आवेदन किया था, जिसे समिति ने स्वीकार कर लिया है। वहीं चार अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नवीन पंजीकरण के आवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत हुए, इनमें से समिति ने मात्र एक आवेदन आदित्य डायग्नोस्टिक सेंटर-रॉबर्ट्सगंज स्वीकार किया जबकि शेष तीन केन्द्रों के चिकित्सक बैठक में उपस्थित न होने के कारण उक्त पर विचार नहीं किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने उपस्थित समस्त सोनोग्राफी सेन्टर के संचालक/चिकित्सक को सचेत करते हुए कहा कि पी0सी0पी0एन0डी0टी0 अधिनियम का शतप्रतिशत अनुपालन किया जाय। यदि मानक के अनुरूप सेन्टर संचालित नही पाये जायेगे तो पंजीयन के निरस्तीकरण की कार्यवाही की जायेगी।
इस दौरान पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 बी0 सागर, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ0 संग्राम सिंह, समिति के अन्य सदस्य सहित सहित अपर जिला सूचना अधिकारी, जिला सलाहकार समिति में सम्मिलित स्वयंसेवी संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




