Sonbhadra News : अस्पतालों से रेफर करने पर मरीजों की पर्ची पर लिखा जाए रेफर का कारण- सीडीओ
जहां एक तरफ सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दावा करती है । वहीं सीएचसी व पीएससी सहित जिला अस्पतालों से बिना ठोस कारण बताए मरीजों को रेफर किए की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है

sonbhadra
5:27 PM, September 28, 2024
शान्तनु कुमार
सोनभद्र । जहां एक तरफ सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दावा करती है । वहीं सीएचसी व पीएससी सहित जिला अस्पतालों से बिना ठोस कारण बताए मरीजों को रेफर किए की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है । एक तरफ़ स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि उनकी सरकार में न सिर्फ अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ी हैं बल्कि इलाज भी आसान हुआ है। लेकिन सोनभद्र की बात करें तो जनपद में नगवां, चतरा, घोरावल, बभनी, म्योरपुर, दुद्धी व अनपरा जैसे बार्डर के इलाकों में आज भी अस्पताल सिर्फ रेफर सेंटर ही बनकर रह गया है । जुगैल व कोन जैसे दूरस्थ इलाकों में लोगों को इलाज के लिए चोपन सीएचसी आना पड़ता है, जहां से भी ज्यादातर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है । यही कारण है कि लोग रेफर होने से बेहतर प्राइवेट या झोलाछाप डॉक्टरों की शरण में चले जाते हैं।
इन्हीं सब समस्याओं को लेकर शनिवार को उद्योग बन्धु की बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष कौशल शर्मा ने जनहित की इस समस्या को उठाया । जिस पर सीडीओ जागृति अवस्थी ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों से पूछा कि आखिर रेफर करते समय मरीज की पर्ची पर कारण क्यों नहीं लिखा जाता, इसमें क्या दिक्कत है । जिस पर स्वास्थ्य अधिकारी चुप्पी साधे रहे।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि मरीज की पर्ची पर यदि रेफर का कारण लिखा होगा तो मरीज को भी यह जानकारी हो सकेगी कि किन कारणों से रेफर किया गया है । और फिर सरकार को भी यह जानकारी प्रशासन के माध्यम से दी जा सकेगी ।
बहरहाल रेफर सेंटर बनते जा रहे अस्पताल का मुद्दा भले ही उद्योग बन्धु की मीटिंग में उठा हो। मगर इस गंभीर प्रकरण पर जनप्रतिनिधियों को भी आगे आकर इसे देखना चाहिए और कमिंयों को दूर करना चाहिए। ताकि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाएं आमजन तक पहुंच सके और बेवजह कोई मरीज परेशान न हो ।




