Sonbhadra News : खेल के नाम पर बेसिक शिक्षा विभाग में हो रही 'अवैध वसूली'
बेसिक शिक्षा विभाग में खेलकूद प्रतियोगिताओं के नाम पर वसूली का खेल शुरू हो गया है। जिले के सभी ब्लाकों में खुलेआम शिक्षकों से धनउगाही की गई है। सूत्रों की माने तो जिले में पांच लाख रुपये की वसूली की..

खेलकूद की फ़ाइल फोटो.....
sonbhadra
2:14 PM, November 7, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बेसिक शिक्षा विभाग में खेलकूद प्रतियोगिताओं के नाम पर वसूली का खेल एक बार फिर शुरू हो गया है। जिले के सभी ब्लाकों में खुलेआम शिक्षकों से धनउगाही की जा रही है। सूत्रों की माने तो जिले में लगभग पांच लाख रुपये की वसूली की गई है। संकुल और तहसील स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद शनिवार को जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होना है।
दो सप्ताह से चल रहा वसूली का खेल -
बेसिक शिक्षा विभाग में वसूली का यह खेल करीब दो सप्ताह से चल रहा है, जिसमें विभाग के ही लोग विद्यालयों में जाकर शिक्षकों से वसूली कर रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर कई शिक्षकों ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता के लिए प्राइमरी स्कूलों से 300 रुपये, उच्च प्राथमिक विद्यालयों से 500 रुपये तथा कंपोजिट विद्यालयों से 600 रुपये तक वसूल किए गए। बताते चलें कि जिले में 2402 विद्यालय हैं, जिनमें 397 कंपोजिट स्कूल हैं। इन स्कूलों से करीब पांच लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई है, जिसका कोई अभिलेखीय रिकार्ड नहीं है। बेसिक शिक्षा विभाग के ही लोगों का कहना है कि शासन से खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए तो बजट आता है लेकिन बावजूद इसके खिलाड़ियों के पुरस्कार व नाश्ते के लिए शिक्षकों से सहयोग लेना पड़ता है।
.........रुपये न देने पर किया जाता परेशान -
कई शिक्षकों ने बताया कि विभाग में आए दिन किसी न किसी प्रयोजन को लेकर वसूली की जाती है। यदि रुपये न दें तो परेशान किया जाता है। विद्यालय की किसी अन्य मद से वह रुपये दे नहीं सकते। ऐसे में जेब से ही रुपये देने पड़ते हैं। कभी शिक्षक संघ के लोग आंदोलन के नाम पर चंदा वसूलते हैं तो कभी विभागीय कार्यक्रमों के लिए वसूली की जाती है।
वहीं पुरे मामले पर ज़ब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं लगा।




