Sonbhadra news : 29 सितम्बर तक मिलेगा सितम्बर माह का राशन, बायोमेट्रिक फेल होने पर OTP से भी मिलेगा खाद्यान्न
सितम्बर माह के सापेक्ष निःशुल्क खाद्यान्न (गेहूं एवं चावल) वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 29 सितम्बर 2026 कर दी गई है।

sonbhadra
6:23 PM, September 26, 2026
- लंबित ई केवाईसी जरूर कराएं
शांतनु कमार
सोनभद्र । राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। सितम्बर माह के सापेक्ष निःशुल्क खाद्यान्न (गेहूं एवं चावल) वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 29 सितम्बर 2026 कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी सोनभद्र ध्रुव गुप्ता ने बताया कि अब पात्र गृहस्थी एवं अन्त्योदय कार्डधारक निर्धारित तिथि तक अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार कुछ उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न एवं चीनी पहुंचने में विलंब होने के कारण निर्धारित अवधि में वितरण प्रभावित हुआ। लाभार्थियों की सुविधा को देखते हुए शासन स्तर से वितरण की अवधि बढ़ाई गई है।
बायोमेट्रिक नहीं हुआ तो OTP से मिलेगा राशन जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 29 सितम्बर तक ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित वितरण जारी रहेगा। जिन कार्डधारकों का किसी कारणवश अंगूठा बायोमेट्रिक में सत्यापित नहीं हो पा रहा है, उन्हें 29 सितम्बर को मोबाइल OTP के माध्यम से राशन लेने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा लाभार्थी पोर्टेबिलिटी के माध्यम से भी अपनी आवश्यक वस्तुएं प्राप्त कर सकेंगे।
अवशेष सदस्यों की ई-केवाईसी कराना जरूरी विभाग ने राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि जिन कार्डों में शामिल सदस्यों की ई-केवाईसी अभी बाकी है, वे अपनी उचित दर दुकान पर पहुंचकर ई-केवाईसी अवश्य करा लें। इससे संबंधित सदस्य योजना के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का लाभ लेने से वंचित नहीं होंगे।
चीनी वितरण भी शामिल अन्त्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर 2026 के द्वितीय त्रैमास के सापेक्ष चीनी का सशुल्क वितरण भी किया जाना है। विभाग ने सभी पात्र लाभार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर राशन प्राप्त करने और लंबित ई-केवाईसी पूरा कराने की अपील की है।




