Sonbhadra News : कमीशन बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों क़ो लेकर राशन डीलरों ने किया प्रदर्शन
आज कलेक्ट्रेट परिसर में कोटेदारों ने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में कमीशन बढ़ाने सहित अन्य मांगों क़ो लेकर प्रदर्शन किया.....

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते राशन डीलर......
sonbhadra
1:18 PM, July 15, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज कलेक्ट्रेट परिसर में कोटेदारों ने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में कमीशन बढ़ाने सहित अन्य मांगों क़ो लेकर प्रदर्शन किया।
फोन से फीडबैक लेने पर विरोधी देते हैं गलत जानकारी -
इस दौरान ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि "उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को खाद्यान्न पर 90 रुपए प्रति क्विंटल और चीनी पर 70 रुपए प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है। जबकि हरियाणा, गोवा और दिल्ली में 200 रुपए प्रति कुंतल कमीशन दिया जाता है। गुजरात में 20,000 रुपए न्यूनतम गारंटी दी जाती है। उन्होंने डोर स्टेप डिलीवरी में गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न की मांग की साथ ही पूर्व का बकाया भुगतान करने की मांग की। वर्तमान में फोन से ली जा रही फीडबैक प्रणाली पर भी आपत्ति जताई। कोटेदारों का कहना है कि कई बार विरोधी लोग गलत जानकारी दे देते हैं।"
सीधे संचालकों के खाते में जाए पैसा -
जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि "स्वयं सहायता समूह की दुकानों के संचालकों को भाड़ा, बिजली बिल और मजदूरी का खर्च उठाना पड़ता है। कोटेदारों ने मांग किया कि कमीशन का पैसा सीधे संचालक के खाते में जमा किया जाए। राशन का ऑनलाइन वितरण होने के कारण सत्यापन, वितरण, स्टाक रजिस्टर क़ो बंद कर पेपर लेस प्रणाली लागू किया जाए। एमडीएम और आईसीडीएस के खाद्यान्न पर भी एनएफएसए खाद्यान्न की तरह कमीशन दिए जाने की मांग की गई। कोटेदारों ने चेताते हुए कहा कि यदि मांगें जल्द से जल्द नहीं मानी जाती हैं तो अगस्त माह में वितरण प्रथम तीन दिन रोक दिया जायेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"
प्रदर्शन के दौरान ये रहे मौजूद -
प्रदर्शन में अजय विश्कर्मा, पूनम, विनोद कुमार, पन्नालाल, सुरेंद्र कुमार, कांशीनाथ, विजय कुमार सिंह, रामलला विश्वकर्मा सहित अन्य कोटेदार मौजूद रहे।




