Sonbhadra News : रेणुकूट में रावण दहन के साथ रामलीला का समापन, उमड़ी हजारों की भीड़
रावण दहन के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि अहंकार, अन्याय और बुराई का अंत निश्चित है तथा अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।

sonbhadra
11:22 AM, October 21, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । स्थानीय नगर के हिंडालको आवासीय परिसर स्थित रामलीला मैदान में हिंडालको की ओर से आयोजित रामलीला का समापन मंगलवार को रावण दहन के साथ हुआ। इस दौरान 85 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। रावण दहन देखने के लिए रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में लोग जुटे। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे, जिससे पूरे मैदान में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। रामलीला के समापन अवसर पर रावण दहन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मैदान में मौजूद लोगों ने रावण के पुतले का दहन होते ही जय श्रीराम के जयकारे लगाए। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह रहा। लोगों ने परिवार के साथ पहुंचकर विजयादशमी के इस पर्व का आनंद लिया। रावण दहन के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि अहंकार, अन्याय और बुराई का अंत निश्चित है तथा अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है। रावण के पुतले के दहन के बाद बाहर से आए आतिशबाजों ने आकर्षक आतिशबाजी का प्रदर्शन किया। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के नजारों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आतिशबाजी के दौरान मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोगों ने इस शानदार प्रदर्शन का खूब आनंद लिया और अपने मोबाइल फोन में यादगार पलों को कैद किया। हिंडालको की ओर से आयोजित रामलीला के समापन के साथ ही विजयादशमी का उत्सव उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में पर्व को लेकर उत्साह और उमंग दिखाई दी।




